धरमजयगढ़ :- धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मिरीगुड़ा में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मेडिकल दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात चोर मेडिकल दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दुकान में रखी अलमारी का लॉक भी तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि अलमारी में रखे करीब 25 हजार रुपये नगद चोर अपने साथ ले गए।
चोरों ने वारदात को अंजाम देने के दौरान दुकान में लगे CCTV कैमरे से भी छेड़छाड़ की। कैमरे में दर्ज समय के अनुसार घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है, क्योंकि उसी दौरान कैमरा बाधित हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल संचालक ने तत्काल धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
