पुलिस जवानों ने दी राष्ट्रीय ध्वज को सलामी, न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
खरसिया :- देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर खरसिया सिविल न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय पर्व को पूरे गरिमामय एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शान से लहराया। कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) श्वेता श्रीवास्तव ने विधिवत ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात खरसिया थाना पुलिस के जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना प्रकट की।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान न्यायालय परिसर में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में न्यायाधीश कातुलकर मैडम एवं नाग मैडम सहित न्यायालय के अध्यक्ष, सचिव, वरिष्ठ अधिवक्ता, अधिवक्ता साथी, न्यायालयीन स्टॉफ एवं पुलिस जवान उपस्थित रहे। सभी उपस्थितजनों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण किया।
देशभक्ति गीतों और कविताओं से गूंजा न्यायालय परिसर
समारोह के दौरान अधिवक्ता साथियों द्वारा राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों एवं कविताओं की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दी गईं। देशभक्ति की इन प्रस्तुतियों से पूरा न्यायालय परिसर राष्ट्रप्रेम और उत्साह से सराबोर हो गया। उपस्थित लोगों ने प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
न्यायिक अधिकारियों ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
इस अवसर पर एडीजे श्वेता श्रीवास्तव सहित न्यायिक अधिकारियों एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने सभी अधिवक्ता साथियों, न्यायालयीन स्टॉफ एवं पुलिस जवानों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने स्वतंत्रता के महत्व को रेखांकित करते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प भी दोहराया। समारोह के समापन पर उपस्थितजनों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित यह स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, सम्मान और सामाजिक एकजुटता का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।

