रायगढ़ :- जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक सिंघनपुर गुफा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सर्वे करने पहुंची टीम पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। मधुमक्खियों के अचानक हुए घातक हमले से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार सर्वे कार्य में जुटी टीम गुफा क्षेत्र का निरीक्षण कर रही थी, तभी मधुमक्खियों का झुंड भड़क उठा और टीम के सदस्यों पर टूट पड़ा। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि जान बचाने के लिए सभी को इधर-उधर भागना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद टीम के सदस्य किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंचे।
घटना में सर्वे टीम के 5 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल रायगढ़ स्थित जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं वन विभाग के 3 कर्मचारी भी मधुमक्खियों के हमले में घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल घायलों की स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है, जबकि प्रशासन और वन विभाग की टीम पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।
सिंघनपुर गुफा सर्वे टीम पर मधुमक्खियों का हमला, 5 सदस्य अस्पताल में भर्ती, वन विभाग के 3 कर्मचारी भी घायल
