घरघोड़ा :- शासन द्वारा घरघोड़ा नगर पंचायत के लिए नियुक्त तीन एल्डरमैन का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को अटल परिसर में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में एसडीएम घरघोड़ा दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने नवनियुक्त एल्डरमैन विजय शिशु सिन्हा, डोले पटेल एवं कुंतीला उरांव को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह का शुभारंभ सांसद राधेश्याम राठिया द्वारा भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद उन्होंने अटल परिसर में नवनिर्मित ओपन जिम का विधिवत उद्घाटन कर उसे आम जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सशक्त समाज की नींव है। ओपन जिम का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम के प्रति प्रेरित करना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।
शपथ ग्रहण के दौरान नवनियुक्त एल्डरमैन ने नगर पंचायत के विकास, जनहित और शासन की नीतियों के अनुरूप ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने उनका स्वागत करते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान, जिला उपाध्यक्ष नरेश पंडा, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, नगर पंचायत के पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से तहसीलदार मनोज कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सहोदर पैंकरा, नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती पुष्पा खलखो सहित नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी भी समारोह में मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह पूरे समय उत्साह और गरिमा से परिपूर्ण रहा। जनप्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नए एल्डरमैन नगर पंचायत के विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
