रायगढ़/खरसिया :- खरसिया पुलिस विभाग द्वारा ग्राम मदनपुर बस्ती में पुलिस एवं आमजनता के बीच जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल, थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। जनचौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की पुलिस संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया गया।
एसडीओपी प्रभात पटेल ने बीट प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में नशे के कारण बढ़ रहे चोरी, लूट, इंजेक्शन एवं टैबलेट दवाइयों की अवैध सप्लाई पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी भी गंभीरता से निभाई जाए। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का निराकरण 7 दिवस के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
जनचौपाल में एसडीओपी पटेल ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि अपराधमुक्त समाज तभी संभव है, जब आमजन पुलिस को अपराध से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं देने में सहयोग करें। पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयास से ही क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाया जा सकता है।
मदनपुर ग्रामवासियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए हर मामले में जानकारी साझा कर पुलिस का सहयोग करने का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने कहा कि वे गांव को अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस के साथ सदैव खड़े रहेंगे।
इस दौरान ग्रामीणों ने प्रमुख मांग रखते हुए मदनपुर तहसील कार्यालय के सामने से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।

