रायगढ़ :- 4 अगस्त 2026। रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए खरसिया क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर सीरियल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, दो स्कूटी, पोको मोबाइल, तीन गैस सिलेंडर और सीसीटीवी डीवीआर बॉक्स सहित करीब दो लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है। आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और नवपदस्थ एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना एवं चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, भागने की कोशिश नाकाम
पुलिस को मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक खरसिया के चोढ़ा चौक के पास चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम करन चौहान (21 वर्ष) निवासी गांधीनगर मदनपुर, थाना खरसिया बताया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपने पास मौजूद सामान के चोरी का होना स्वीकार कर लिया। थाना लाकर की गई विस्तृत पूछताछ में उसने कई चोरी की वारदातों का खुलासा किया।
एक के बाद एक कई चोरियों को दिया अंजाम
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 12 जुलाई को उत्तम ढाबा खरसिया से एक एक्टिवा स्कूटी (CG 13 BM 3078) चोरी की थी, जिसे बाद में रेलवे साइडिंग के पास छोड़ दिया।
इसके बाद 23 जुलाई को ग्राम बासमुड़ा से चाबी लगी टीवीएस जुपिटर स्कूटी (CG 13 AY 8518) चोरी कर ली
24 जुलाई की रात ग्राम बगबुढ़वा में सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, सीसीटीवी डीवीआर बॉक्स और फैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 13 BE 3863) चोरी कर ली।
इसके बाद 29 जुलाई को मदनपुर बस्ती के अलग-अलग घरों से तीन खाली गैस सिलेंडर और 1 अगस्त को ग्राम पतरापाली के एक घर से चार्जिंग पर लगा पोको मोबाइल चोरी कर लिया।
खंडहर मकान में छिपाता था चोरी का सामान
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी का सामान बेचने से पहले वह उसे मदनपुर चौक के पास स्थित एक खंडहर मकान में छिपाकर रखता था। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के साथ मौके पर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने चोरी की फैशन प्रो मोटरसाइकिल, टीवीएस जुपिटर स्कूटी, एक्टिवा स्कूटी, पोको मोबाइल, तीन गैस सिलेंडर और सीसीटीवी डीवीआर बॉक्स बरामद किए। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।
हालांकि आरोपी ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर भी उसी स्थान पर छिपाने की बात स्वीकार की, लेकिन तलाशी के दौरान जेवर बरामद नहीं हो सके।
दो दर्ज मामलों का खुलासा, अन्य मामलों की भी जांच
आरोपी की गिरफ्तारी से चौकी खरसिया में दर्ज अपराध क्रमांक 355/2026 तथा थाना खरसिया में दर्ज अपराध क्रमांक 397/2026 का सफल खुलासा हो गया है। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पीड़ितों से संपर्क कर आगे की विवेचना कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, प्रधान आरक्षक उदय सिंह सिदार तथा आरक्षक महेंद्र खरे, खिरेंद्र कुमार जलतारे, रामनाथ बनर्जी, अनूप मिंज, रोहित भोय, जितेश्वर चौहान, रघुवेंद्र सिदार, योगेंद्र सिदार और सत्यनारायण सिदार की सराहनीय भूमिका रही।एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। खरसिया के अलावा जूटमिल, कोतरारोड़, चक्रधरनगर, भूपदेवपुर और धरमजयगढ़ थाना क्षेत्रों में भी चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की टीमें हर वारदात की तह तक पहुंचकर अपराधियों को कानून के शिकंजे में ला रही हैं।

