कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संबित मिश्रा ने ली प्रेसवार्ता
बीजापुर 17 अक्टूबर 2024- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संबित मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया प्रतिनिधियों को नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचक नामावली में 01 जनवरी 2024 की स्थिति में निर्वाचक नामावली में नाम जुड़ाने संशोधन एवं विलोपन की प्रकिया से अवगत कराया। नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2024-25 नगरपालिका परिषद बीजापुर की प्रारंभिक प्रारूप निर्वाचक नामावली मतदाता सूची तैयार कर 16 अक्टूबर को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तहसील कार्यालय/सहायक रजिस्ट्री अधिकारी नगर पालिका परिषद बीजापुर तथा संबंधित वार्ड के निर्धारित स्थल पर आम लोगों के निरीक्षण हेतु उपलब्ध है। उक्त मतदाता सूची के संबंध में यदि किसी व्यक्ति को कोई दावाआपत्ति पेश करना हो, नया नाम जुड़वाना हो, किसी नाम को संशोधित करना हो या कोई नाम हटाना हो तो वह संबंधित रजिस्ट्रीकरण, सहायक रजिस्ट्रीकरण, नगरपालिका, वार्ड के प्राधिकृत कर्मचारी के समक्ष उपस्थित होकर निर्धारित फार्म नया नाम जोड़ने के लिए प्रारूप-क, नाम संशोधित के लिए प्रारूप-ख, तथा नाम हटाने के लिए प्रारूप-ग में 16 अक्टूबर 2024 से 23 अक्टूबर 2024 तक प्रस्तुत कर सकते हैं। तथा निर्वाचन नियमों में शासन द्वारा संशोधन के फलस्वरूप संबंधित विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम होने पर ही संबंधित नगरपालिका की मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया जा सकता है। ऐसे व्यक्ति जिनका नाम संबंधित विधानसभा की निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है वे 04 नवम्बर 2024 से पूर्व विधानसभा की निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करा लिये जाने के उपरांत नगरपालिका परिषद बीजापुर की निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित किये जाने हेतु प्रारूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को 04 नवम्बर 2024 तक आवेदन कर सकते हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगरपालिका बीजापुर के 15 वार्डों में पुरूष 6653, महिला 6853 कुल 13506 इसी तरह त्रिस्तरीय पंचायत अंतर्गत जनपद पंचायत बीजापुर में पुरूष 16521, महिला 18290, थर्ड जेंडर 0, कुल 34811, जनपद पंचायत भैरमगढ़ पुरूष 21609 महिला 23830, थर्ड जेंडर 01, कुल 45440, जनपद पंचायत भोपालपटनम में पुरूष 15058, महिला 16085, थर्ड जेंडर 06, कुल 31149 एवं जनपद पंचायत उसूर में पुरूष 15829, महिला 16495, थर्ड जेंडर 01, कुल 32325 मतदाता हैं। इस तरह त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हेतु जिले में कुल पुरूष मतदाताओं की संख्या 69017, महिला 74700, थर्ड जेंडर 08, जिले में कुल मतदाता 143725 हैं। कलेक्टर ने प्रेसकॉफ्रेंस के दौरान मतदाता जागरूकता अभियान “जाबो” कार्यक्रम की जानकारी दी।
इस अवसर पर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एसडीएम बीजापुर श्री जागेश्वर कौशल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नारायण प्रसाद गवेल उपस्थित थे।
