सक्ती :- 20 नवंबर 2026। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर वर्ष 2022 में नाबालिग बालक का अश्लील वीडियो अपलोड करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को सक्ती पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। साइबर टिपलाइन से प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, आईपी एड्रेस और मोबाइल टावर लोकेशन का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की। लगातार पुलिस की गिरफ्त से बच रहे आरोपी को आखिरकार 19 नवंबर 2026 को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
साइबर टिपलाइन से मिली थी आपत्तिजनक सामग्री अपलोड करने की शिकायत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीसीआईडब्ल्यूसीएस योजना के अंतर्गत भारत सरकार के गृह मंत्रालय की एनसीआरबी शाखा, नई दिल्ली से सक्ती पुलिस को साइबर टिपलाइन के माध्यम से एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए महिला एवं बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री अपलोड किए जाने की जानकारी दी गई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान फेसबुक लॉगिन से संबंधित तकनीकी जानकारी, 27 अक्टूबर 2022 के लॉगिन समय तथा संबंधित आईपी एड्रेस का विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही संबंधित सेवा प्रदाता कंपनी से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर आईपी एड्रेस और मोबाइल टावर लोकेशन की जांच की गई।
तकनीकी जांच में ग्राम देवरमाल के आसपास मिली लोकेशन
तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में घटना के समय संबंधित आईपी एड्रेस की लोकेशन ग्राम देवरमाल, तहसील सक्ती, जिला सक्ती के आसपास पाई गई। इसके बाद पुलिस ने आगे की विवेचना करते हुए फेसबुक पर नाबालिग बालक का अश्लील वीडियो अपलोड किए जाने तथा इस गतिविधि में इस्तेमाल किए गए मोबाइल के धारक के संबंध में जानकारी जुटाई।
जांच में प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान राजेन्द्र कुमार मिरी उर्फ गजालाल मिरी (30 वर्ष), निवासी मकान नंबर 143, खैयापारा, ग्राम बड़े देवगांव, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई।
अपराध दर्ज होने के बाद से लगातार फरार था आरोपी
पुलिस ने उक्त मामले में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 130/2024 के तहत धारा 67(बी) आईटी एक्ट, धारा 201 भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) एवं धारा 15(2) पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। विवेचना के दौरान आरोपी लगातार फरार रहकर अपना लोकेशन बदल रहा था, जिसके कारण उसकी गिरफ्तारी में कठिनाई आ रही थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी पतासाजी जारी रखी।
19 नवंबर को पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस की लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार 19 नवंबर 2026 को आरोपी राजेन्द्र कुमार मिरी उर्फ गजालाल मिरी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जिला सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सक्ती डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस टीम ने साइबर टिपलाइन से प्राप्त शिकायत पर तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण करते हुए आरोपी तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए।
सक्ती पुलिस की आम नागरिकों से अपील
सक्ती पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की अश्लील, आपत्तिजनक अथवा नाबालिग बच्चों से संबंधित अनुचित सामग्री अपलोड, शेयर या प्रसारित न करें। इस प्रकार की गतिविधियां गंभीर दंडनीय अपराध की श्रेणी में आती हैं।
यदि किसी व्यक्ति को साइबर अपराध से संबंधित कोई जानकारी मिलती है या वह स्वयं साइबर अपराध का शिकार होता है, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा अपने नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।
सक्ती पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

