खरसिया :- सिविल हॉस्पिटल में एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। ग्राम रतन महका, तहसील खरसिया निवासी 22 वर्षीय तामेश्वर शर्मा पिता राजेंद्र प्रसाद शर्मा दिनांक 25 जून 2026, गुरुवार को सुबह लगभग 9 बजे बवासीर के ऑपरेशन हेतु अस्पताल में भर्ती हुए थे। परिजनों के अनुसार युवक भर्ती के समय पूरी तरह सामान्य स्थिति में था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद लगभग 11 बजे अस्पताल प्रशासन द्वारा सूचना दी गई कि उसकी मृत्यु हो गई है।

अचानक हुई इस मौत की खबर सुनकर परिजन अस्पताल पहुंचे और अपने बेटे का शव देखकर स्तब्ध रह गए। परिजनों का आरोप है कि एक सामान्य ऑपरेशन के लिए भर्ती हुए युवक की कुछ ही घंटों में मौत होना अस्पताल की कार्यप्रणाली और उपचार प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी आक्रोश का माहौल बन गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच, उपचार के दौरान अपनाई गई चिकित्सा प्रक्रिया की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने, जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा उचित मुआवजे की मांग की है।

परिजनों का कहना है कि यदि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही हुई है तो दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाओं और जवाबदेही की भी गहन जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।
मौके पर खरसिया एस. डी. एम. प्रवीण तिवारी तथा चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी मौजूद रहे।
यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है, जिनका जवाब निष्पक्ष जांच के माध्यम से सामने आना आवश्यक है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और पूरे मामले की पारदर्शी जांच की अपेक्षा कर रहे हैं।
खरसिया कांग्रेस परिवार इस गंभीर मामले की उच्चस्तरीय जाँच कर दोषियों के खिलाफ एफ. आई आर. एवं परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग किए

