रायगढ़ :- 28 जून। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम चिराईपानी में ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी के लेबर क्वार्टर पर बाउंड्री वॉल गिरने से हुई महिला मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के दो संचालकों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। मर्ग जांच के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी और निर्माण में लापरवाही के तथ्य सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 18 जून 2026 को आंधी-तूफान और तेज बारिश के दौरान कंपनी परिसर के समीप स्थित बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर लेबर क्वार्टर पर गिर गई। हादसे में क्वार्टर के भीतर मौजूद मजदूर रंभा यादव, सुनील परमार और उनकी पत्नी रिंकी डेलकी मलबे में दब गए। तीनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान 30 वर्षीय रंभा यादव, निवासी पहाड़ लुडेग (थाना लैलूंगा) की मौत हो गई। वहीं सुनील परमार और रिंकी डेलकी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद थाना पूंजीपथरा में मर्ग क्रमांक 41/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में यह सामने आया कि ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी के संचालक दयानंद अग्रवाल एवं शंकर अग्रवाल ने अपने क्रेशर प्लांट में महालक्ष्मी कास्टिंग प्रा. लि. की बाउंड्री वॉल से सटाकर बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किए लेबर क्वार्टर का निर्माण कराया था। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में निर्माण संबंधी गंभीर लापरवाही के पर्याप्त तथ्य मिले हैं।
इसी आधार पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 148/2026 दर्ज करते हुए दोनों संचालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) एवं 125(ए) के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले के सभी तकनीकी और वैधानिक पहलुओं की गहन जांच कर रही है तथा विवेचना में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर मजदूरों के जीवन को खतरे में डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस कानून के अनुसार निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

