सक्ती:- थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना चंद्रपुर में शिवप्रसाद बरेठ के विरुद्ध सरस्वती जायसवाल द्वारा मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में अपराध क्रमांक 47/26 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) एवं 191(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। इस मामले की जांच ASI एस.एन. मिश्रा के जिम्मे थी।
आरोप है कि मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में ASI मिश्रा ने शिवप्रसाद बरेठ से 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इसकी शिकायत पीड़ित द्वारा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर में की गई।
शिकायत के सत्यापन के बाद ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना चंद्रपुर में पदस्थ ASI एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मामला सामने आते ही सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने कड़ा रुख अपनाते हुए ASI मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र सक्ती संबद्ध कर दिया। SP ठाकुर ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

