सक्ती :- जैजैपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म करने और विरोध करने पर टांगी से जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त खून से सनी टांगी भी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 की रात आरोपी उमेश कुमार पलांगे पिता दौलत राम पलांगे (32 वर्ष) ने कथित तौर पर नाबालिग बालिका के घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने टांगी से पीड़िता के चेहरे, सिर और गले पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल बालिका का उपचार बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर थाना जैजैपुर में अपराध क्रमांक 200/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 131(7), 64(1), 109(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैंकरा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने का दावा पुलिस ने किया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त टांगी भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 6 अगस्त की देर रात गिरफ्तार किया गया और 7 अगस्त को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राठौर, प्रधान आरक्षक परमानंद घृतलहरे, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र खांडेकर, आरक्षक अरुण चंद्रा तथा आरक्षक विजय कुर्रे की विशेष भूमिका रही।

