13 से 19 सितंबर तक अजीत सिंह नगर में भव्य श्रीमदभागवत कथा का आयोजन | कल श्याम मंदिर से निकलेगी भव्य शोभायात्रा, नगर भ्रमण के बाद कथा स्थल पहुंचेगी
खरसिया :- गर्ग परिवार (बहु झोलरी वाले) द्वारा नगर के अजीत सिंह नगर में पितृ मोक्षार्थ गया श्राद्ध के पावन अवसर पर श्रीमदभागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा का आयोजन 13 सितंबर से 19 सितंबर तक होगा। इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में श्रीधाम वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी जी महाराज की शयन भोग सेवा के अधिकारी एवं श्रीमदभागवत कथा के सुप्रसिद्ध वक्ता पूज्य आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीमदभागवत कथा का रसपान कराएंगे।

कल निकलेगी भव्य शोभायात्रा
भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व 13 सितंबर को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा श्याम मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए अजीत सिंह नगर स्थित कथा स्थल पहुंचेगी। शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। धार्मिक वातावरण में निकलने वाली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासी एवं आसपास के क्षेत्र से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

16 वर्ष की आयु में शुरू की थी पहली भागवत कथा
आयोजक एवं नगर पालिका परिषद खरसिया के अध्यक्ष कमल गर्ग ने प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि पूज्य आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ने मात्र 16 वर्ष की अल्प आयु में हरिद्वार में गंगा के पावन तट पर अपनी प्रथम श्रीमदभागवत कथा का शुभारंभ किया था। इसके बाद से वे निरंतर भागवत कथाओं के माध्यम से देश-विदेश में लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं तक सनातन संस्कृति, भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान का संदेश पहुंचा रहे हैं।
महाराज श्री अपनी कथाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं को सरल, सहज और मधुर शैली में श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। वे श्रीमदभागवत के प्रसंगों को संगीत, भक्ति और आध्यात्मिक संदेशों के साथ इस प्रकार प्रस्तुत करते हैं कि श्रद्धालु कथा से भावनात्मक एवं आध्यात्मिक रूप से जुड़ जाते हैं।
सात्विक जीवन और भक्ति का संदेश
आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज अपनी कथा के माध्यम से आधुनिक भौतिकवाद की चकाचौंध में जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझने, सात्विक जीवन अपनाने और भारतीय संस्कारों से जुड़ने का संदेश देते हैं। वे श्रद्धालुओं को श्री बांके बिहारी जी एवं श्री राधा रानी की भक्ति की ओर प्रेरित करते हुए प्रेम, सेवा, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश देते हैं।
उनकी कथा यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक श्रीमदभागवत का आध्यात्मिक संदेश पहुंचाना और श्रद्धालुओं के जीवन में भक्ति एवं सकारात्मक विचारों का संचार करना है।
विशाल डोम और भव्य पांडाल में होगी श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था
आयोजक परिवार ने बताया कि आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज की कथा का रसपान करने के लिए राज्य एवं क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी मिल रही है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए अजीत सिंह नगर में विशाल डोम एवं भव्य पांडाल तैयार किया गया है।
कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने सहित आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को कथा श्रवण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
क्षेत्रवासियों से कथा श्रवण का आग्रह
आयोजक गर्ग परिवार ने समस्त क्षेत्रवासियों, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि इस पावन धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पूज्य आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण एवं आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें।
सात दिनों तक चलने वाली यह भागवत कथा खरसिया नगर में भक्ति, धर्म और आध्यात्मिकता का विशेष वातावरण निर्मित करेगी।

