सारंगढ़-बिलाईगढ़ | कोसीर – छत्तीसगढ़ सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे करती है, पर कोसीर के शासकीय अस्पताल की हकीकत उन दावों की पोल खोल रही है। इस बदहाली के खिलाफ अब क्षेत्र के लोगों की आवाज बुलंद होने लगी है।
क्षेत्रीय युवा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता महावीर सायर ने अस्पताल की दुर्दशा पर प्रशासन को घेरते हुए स्थाई डॉक्टर और मूलभूत सुविधाओं की मांग की है। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रभार के भरोसे चल रहा है, जिससे हजारों ग्रामीणों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है।
महावीर सायर द्वारा उजागर की गई मुख्य समस्याएं:
1. स्थाई RMA की मांग: कोसीर अस्पताल में एक स्थाई RMA डॉक्टर की तत्काल नियुक्ति हो, जो रोजाना अस्पताल में मौजूद रहे।
2. प्रभार के भरोसे पूरा अस्पताल: वर्तमान में गोड़म के MBBS डॉक्टर को कोसीर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जो कभी-कभार ही आते हैं। लैब टेक्नीशियन भी प्रभार के भरोसे चल रहा है।
3. ड्रेसर का पद खाली: ड्रेसर के रिटायर होने के बाद आज तक नई भर्ती नहीं हुई है, जिससे पट्टी और छोटे-मोटे घावों के इलाज में भी भारी परेशानी हो रही है।
4. भवन जर्जर, मूलभूत सुविधाएं नदारद: अस्पताल भवन की हालत जर्जर है। नर्सिंग क्वार्टर नहीं है, डॉक्टर भवन नहीं है, अस्पताल से क्वार्टर तक CC रोड नहीं है और बाउंड्रीवाल तक नहीं है।
5. जीवनदीप समिति सिर्फ कागजों पर: अस्पताल के रखरखाव के लिए बनी जीवनदीप समिति केवल कागजों पर सिमटी है, धरातल पर उसका कोई काम नहीं दिख रहा।
महावीर सायर ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही कोसीर अस्पताल में स्थाई RMA, ड्रेसर, लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति और भवन, रोड व बाउंड्रीवाल की व्यवस्था नहीं की गई, तो क्षेत्र के युवा और ग्रामीण मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
कोसीर अस्पताल कागजों में जिंदा, जमीन पर बदहाल – युवा नेता महावीर सायर ने उठाई स्थाई RMA की मांग
