पुलिस बल पर हमला, लूटपाट, आगजनी और बलवा समेत गंभीर मामलों में था नामजद; तमनार पुलिस ने गांव में घेराबंदी कर दबोचा
रायगढ़ :- 10 अगस्त 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा फरार एवं गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अनिल बेहरा (37) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अनिल बेहरा पिता प्रेमसागर बेहरा, निवासी ग्राम लिबरा, थाना तमनार, जिला रायगढ़ है। वह थाना तमनार में दर्ज अपराध क्रमांक 303/2025, 306/2025, 307/2025 एवं 308/2025 में नामजद आरोपी था। इन मामलों में पुलिस बल पर हमला, लूटपाट, आगजनी, बलवा तथा शासकीय कार्य में बाधा सहित कई गंभीर आरोप दर्ज हैं।
27 दिसंबर 2025 को उग्र हुआ था आंदोलन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से लिबरा स्थित CHP चौक पर प्रभावित गांवों के लोगों द्वारा धरना-प्रदर्शन और आर्थिक नाकेबंदी की जा रही थी। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आंदोलनकारियों को लगातार समझाइश देकर शांति बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील की जा रही थी।
बताया गया कि 27 दिसंबर 2025 को कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान आंदोलन अचानक उग्र हो गया। पुलिस के अनुसार इस दौरान राजेश मरकाम, अनिल बेहरा, रूपेश पटेल, संदीप प्रधान सहित अन्य लोगों ने आंदोलनकारियों को उकसाया, जिसके बाद भीड़ ने पुलिस बल पर लाठी, डंडे, टांगी और पत्थरों से हमला कर दिया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए।
पुलिस के अनुसार हिंसक भीड़ ने पुलिसकर्मियों से शासकीय वॉकी-टॉकी और शासकीय मोबाइल फोन भी लूट लिए।
पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी का भी आरोप
घटना के दौरान स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब उग्र भीड़ ने पुलिस दल को घेरकर लगातार पथराव किया। पुलिस के मुताबिक सड़क किनारे खड़े शासकीय पुलिस वाहनों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई। इसके अलावा प्लांट परिसर में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई।
इस पूरी घटना के संबंध में अलग-अलग प्रार्थियों की रिपोर्ट पर थाना तमनार में कुल 16 अपराध दर्ज किए गए हैं।
अब तक 29 आरोपी गिरफ्तार
CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में अब तक 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। वहीं, मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
गांव पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक अनिल बेहरा घटना के बाद से फरार चल रहा था और उसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। 10 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अनिल बेहरा अपने गांव लिबरा आया हुआ है।
सूचना मिलते ही तमनार एवं पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांव में घेराबंदी की और आरोपी अनिल बेहरा को हिरासत में ले लिया। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान पुलिस ने उसकी घटना में भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार विवेचना में आंदोलनकारियों को दुष्प्रेरित करने की भूमिका सामने आने पर प्रकरण में धारा 49 बीएनएस एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत लगातार कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले और हिंसक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव एवं थाना तमनार स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस ऐसे आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उन्हें कानून के दायरे में ला रही है और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं निष्पक्ष कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है।

