खरसिया :- पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में अंतर्राष्ट्रीय समाजसेवी संस्था लायंस क्लब खरसिया सिटी द्वारा लगातार सराहनीय पहल की जा रही है। इसी क्रम में क्लब ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत शासकीय बालिका छात्रावास, परसकोल परिसर में 51 पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया। यह अभियान एम.आर. फैमिली द्वारा अपनी पूज्य स्वर्गीय माता मणि देवी की स्मृति में संकल्पित 1100 पौधों के वृक्षारोपण अभियान का हिस्सा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ पौधारोपण के साथ हुआ, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों, छात्राओं और ग्रामीणों ने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लायन ऋषि अग्रवाल ने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से लोगों में जागरूकता लाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। क्लब अध्यक्ष लायन संजय अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा वातावरण मिल सकता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी सुरक्षा के लिए टी-गार्ड का उपयोग करने की अपील की। इस अवसर पर छात्रावास एवं विद्यालय की छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और वृक्षों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि वृक्ष न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, तापमान नियंत्रण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। छात्राओं ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में लायन ऋषि अग्रवाल, क्लब अध्यक्ष लायन संजय अग्रवाल, लायन रामनारायण सोनी (संटी), लायन सुंदरमल, राकेश गायत्री, संजय गुप्ता, पत्रकार संजय गुप्ता, प्रधान पाठक सिदार जी, छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती सरिता पटेल, विद्यालय स्टाफ, छात्राएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन लायन रामनारायण सोनी (संटी) ने किया। समापन अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और प्रकृति संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
