सरिया/बरमकेला –भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय व भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति लाल पटेल के अनुमोदन उपरांत विगत माह सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला बीजेपी के पदाधिकारीयों की घोषणा की गई थी जिसमें 06 उपाध्यक्ष,02 महामंत्री,06 मंत्री, कोषाध्यक्ष,सह कोषाध्यक्ष, कार्यालय मंत्री और प्रवक्ता के साथ कुल 18 लोगों को शामिल किया गया था।
भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति लाल पटेल ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सारंगढ़ बिलाईगढ़ में अब अपनी इस टीम का विस्तार करते हुए बाकी रिक्त बचे पदों पर 08 पदाधिकारी,38 जिला कार्यसमिति सदस्य,29 स्थाई आमंत्रित सदस्य,33 विशेष आमंत्रित सदस्य की भी नियुक्तियां कर दी है.
जारी सूची ने साफ संकेत दिया है कि पार्टी आगामी राजनैतिक चुनौतियों के लिए जमीनी और सक्रिय चेहरों को आगे बढ़ा रही है.शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक नए नेतृत्व से संगठन में नई गति की उम्मीद है.
सोशल मीडिया पर भी पार्टी के विचार और धार बनाए रखने के लिए इस कार्यकारिणी विस्तार में ढाई दशकों से पार्टी संगठन से जुड़ाव रखने वाले चूड़ामणि पटेल को जिला भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी की कमान सौंपी है.राजनीतिक दृष्टि से इनकी ताजपोशी ने सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला के कार्यकर्ताओं में भी नया जोश भर दिया है.अलग-अलग क्षेत्रों में उनके समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया है.
अब देखना ये होगा कि चूड़ामणि पटेल नई जिम्मेदारी को कैसे संभालते हैं और पार्टी की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं.लेकिन इतना तो तय है कि बीजेपी ने भविष्य की राजनीति के लिए अपना पत्ता खोल दिया है.
“सोशल मीडिया” संचार का सबसे प्रमुख साधन है –
मौजूदा समय में “सोशल मीडिया” संचार का सबसे प्रमुख साधन है. बदलते समय के साथ प्रचार के माध्यमों में बदलाव हुआ हैं.आज सोशल मीडिया की शक्ति सर्वाधिक हैं और सभी दल अपना वर्चस्व स्थापित कर सकारात्मक वातावरण का निर्माण करने में लगे हुए हैं।
देश की आबादी का 60 प्रतिशत भाग युवा हैं और इनकी ज्यादातर रूचि सोशल मीडिया में हैं। इसीलिए प्रत्येक दल इस विद्या में पारंगत होकर विपक्ष के आरोपों को ध्वस्त करके अपनी बात जन-जन के गले में उतार सके इस हेतु प्रयासरत हैं.
उल्लेखनीय है कि आज सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म प्रतिदिन नए फीचर्स के साथ आ रहे हैं जिसमें हर राजनैतिक दलों को प्रत्येक अपग्रेड के लिए अपडेट रहना जरूरी होता है ताकि त्वरित जानकारी और त्वरित प्रतिक्रिया प्रत्येक व्यक्ति के पास उपलब्ध हो सके वहीं पार्टी की विचारधारा,योजनाएं एवं जन सरोकार से जुड़े मुद्दे डिजिटल माध्यम से और अधिक प्रभावशाली ढंग से जनता के बीच पहुंचाया जा सके.
राजनीति का अच्छा खासा अनुभव-
चूड़ामणि पटेल को पार्टी में सक्रिय रहने वाले नेता के तौर पर देखा जाता है.वे संगठन से गहराई से जुड़े हैं और उनका राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है.वे सामान्य किसान परिवार से निकलकर यहां तक पहुंचे हैं.
उनकी छवि एक ऐसे अनुभवी व्यक्ति की है,जो बात को सधे शब्दों में साफ सोच के साथ और संतुलित तरीके से रखने में माहिर हैं.
अपनी सार्वजनिक जीवन में सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से कई प्रमुख पदों पर रहें हैं और इनका काम शानदार रहा है.इनके पास में चुनावी राजनीति के साथ-साथ संगठनात्मक राजनीति का भी अच्छा खासा अनुभव है.
पक्ष हो या फिर विपक्ष हर मोर्चे पर उन्होंने अपने आपको साबित किया है और मीडिया के क्षेत्र में एक बड़ा एम्पायर खड़ा कर बड़े-बड़े दिग्गजों को चौंकाया है.
बता दें कि चूड़ामणि पटेल के पीछे ना मीडिया की कोई विरासत थी,ना ही अनुभव लेकिन था तो बस एक दृढ़ संकल्प जिसके बलबूते पर वे हर कसौटी पर खरा उतरे हैं।
वे भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य के रूप में बीते वर्षो में जनसेवा,पारदर्शिता,ईमानदारी और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को अपना संकल्प मानकर कार्य किया है।
2000 से 2003 में तात्कालीन कांग्रेस की अजीत जोगी सरकार एवं 2018 से 2023 तक कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार और अपराधों के खिलाफ प्रभावी ढंग से विरोध किया.
2003 से 2018 तक डाॅ.रमन सिंह और वर्तमान में विष्णुदेव साय जी की भारतीय जनता पार्टी की सरकार में अपनी सम्पूर्ण शक्ति,सामर्थ्य और परिश्रम के साथ सरकार की जनहितकारी योजनाओं को सोशल मीडिया के जरिए आमजनों तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाई.
बतौर विपक्ष में उन्हें सरिया मण्डल भाजपा का महामंत्री बनाया गया था जहां उन्होंने पार्टी की जीत में बड़ी भूमिका निभाया था. तात्कालीन कांग्रेस विधायक के द्वारा बर्बाद कर देने की धमकी को भी नजरंदाज कर वे विपक्षी धर्म का अक्षरशःपालन करते हुए धान खरीदी,शिक्षाकर्मियों की भर्ती,शराब बंदी,बिजली बिल हाफ,बेरोजगारी भत्ते,धर्मांतरण और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर हर पल वादाखिलाफी की याद दिलाई तथा जनहित के विषय मोर आवास-मोर अधिकार,चलबो गोठान-खोलबो पोल,खराब रोड़ को लेकर शव यात्रा में अकाट्य तर्को के साथ आक्रामकता व संजीदगी से अपना पक्ष रखा यही कारण था कि 50 प्रतिशत से ज्यादा वोटों के साथ कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले अपने प्रभार वाले बूथों में अप्रत्याशित एवं गौरवपूर्ण विजय भारतीय जनता पार्टी को दिलाने में कामयाबी हासिल किया.
नियुक्ति पश्चात शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार –
विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद चूड़ामणि पटेल ने शायराना अंदाज में कहा कि
आंधी क्या तूफान मिले,चाहे जितने व्यवधान मिले।
हम अनुगामी उन पांवों के,आदर्श लिए जो बढ़ें चलें।।
उन्होंने प्रदेश शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन में वित्त मंत्री ओपी चौधरी,जिलाध्यक्ष ज्योति लाल पटेल,उपाध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार,महामंत्री द्वय अमित तिवारी एवं द्वारिका साहू, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष मुरारी नायक समेत सभी वरिष्ठ नेताओं और शुभचिंतक मित्रों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
श्री पटेल ने कहा मुझे विश्वास है कि हमारे देवतुल्य ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता मित्रों के सहकार्य के भरोसे हम इस नवीन जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा,समर्पण और सेवाभाव के साथ भली-भांति कर पाऊंगा.
उन्होंने कहा है कि भाजपा ने संगठनात्मक प्रकिया के तहत मेरे जैसे साधारण कार्यकर्ता को जिला भाजपा में सोशल मीडिया प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण दायित्व के निर्वहन के लिए चुना है.निश्चित तौर पर पार्टी ने जो भरोसा जताया है उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करूंगा और कार्यकर्ता शक्ति के साथ सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला भाजपा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में गिलहरी भूमिका निभाऊंगा।
उन्होंने ने बताया कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गरीब कल्याण,किसान, मजदूर,महिला,युवा,पिछड़े और अल्पसंख्यकों के कल्याण हेतु जितने काम हुए हैं और आगे भी हो रहे हैं उतने आजादी के बाद कांग्रेस ने छःदशकों में नहीं किए। हम इन सारी उपलब्धियों से जनता को रूबरू कराने के लिए सोशल मीडिया के क्षेत्र में जज्बा और जुनून के साथ सहयोगी साथियों संग जुटकर हर प्लेटफार्म को कमलमय करेंगे।
बूथ स्तर से जिला पदाधिकारी तक का सफर –
चूड़ामणि पटेल का नाम उन कार्यकर्ताओं में आता है, जिन्होंने लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी में अपनी सेवाएं दी हैं.बूथ स्तर से संगठन में सक्रिय रहकर उन्होंने अनुभव अर्जित किया है जिसका लाभ पार्टी को मिलना स्वाभाविक है.
चूड़ामणि पटेल ने पार्टी के द्वारा दी गई प्रत्येक जिम्मेदारी को अद्भुत कर्मठता एवं संगठित रणनीति के साथ सफलतापूर्वक पूर्ण किया है.
जिसका परिणाम रहा कि भाजपा के भीतर एक जमीनी कार्यकर्ता से लेकर भरोसेमंद राजनीतिक चेहरा बनकर अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है.
करीब 25 वर्षो में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्य,सक्रिय सदस्य,बूथ अध्यक्ष,शक्ति केन्द्र सह संयोजक,शक्ति केन्द्र संयोजक,जोन प्रभारी,मंत्री भाजयुमो मण्डल बरमकेला, उपाध्यक्ष भाजयुमो मण्डल बरमकेला,उपाध्यक्ष भाजपा मण्डल सरिया,अध्यक्ष किसान मोर्चा मण्डल सरिया,विशेष आमंत्रित सदस्य आईटी सेल जिला रायगढ़ से लेकर महामंत्री भाजपा मण्डल सरिया तक इस पूरी गौरवशाली यात्रा में उन्होंने विभिन्न उत्तर दायित्व का बखूबी निर्वहन किया है.
अतिशयोक्ति नहीं होगी कि वे जिला भाजपा की टीम का मजबूत स्तंभ बनकर कामकाज में नई धार,नई रणनीति और कार्यकर्ताओं से बेहतर संवाद को आकार देंगे।

