खरसिया: ग्राम उल्दा स्थित बरगढ़ पहाड़ पर विराजित मां वैष्णो देवी मंदिर में नवरात्रि के पावन पर्व पर सप्तमी तिथि को 501 मनोकामना कलश यात्रा निकाली गई। राष्ट्रीय राजमार्ग 49 रायगढ़-बिलासपुर मार्ग पर स्थित इस मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्रि के नौ दिनों तक भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में 500 से अधिक कन्याओं ने भाग लिया और मनोकामना कलश यात्रा निकाली।
मां वैष्णो देवी के प्रांगण से शुरू हुई इस यात्रा में कर्मा और मांदर की धुनों पर नाचते हुए कन्याओं ने कलश धारण किए। यात्रा पूरे उल्लास और भक्ति के साथ संपन्न हुई। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और कन्याओं के इस धार्मिक जुलूस ने आयोजन को और भी खास बना दिया।
