रायगढ़ :- 23 सितंबर। सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा जिंदगी खत्म करने की बात कहते हुए वीडियो जारी किए जाने की सूचना मिलते ही रायगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। खरसिया पुलिस ने साइबर थाना की तकनीकी सहायता से युवक की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में उसकी संभावित लोकेशन रेलवे पटरी के आसपास होने की जानकारी हासिल कर ली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को समय रहते सुरक्षित बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, खरसिया क्षेत्र में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी खत्म करने की बात कहते हुए वीडियो जारी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने तत्काल साइबर थाना से तकनीकी सहायता ली और युवक की तलाश शुरू कराई।
रेलवे पटरी के पास मिली लोकेशन
तकनीकी जानकारी के आधार पर युवक के रेलवे पटरी की ओर जाने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने युवक की संभावित लोकेशन और उसके आवागमन के रास्तों पर नजर रखते हुए तलाश तेज कर दी।
इसी दौरान पुलिस टीम को युवक रेलवे पटरी के आसपास दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आता देखकर युवक वहां से निकलने का प्रयास करने लगा और टाउन हॉल की ओर से रायगढ़ चौक की तरफ जाने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा किया और उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
बातचीत कर समझी स्थिति, परिजनों को सौंपा
युवक को सुरक्षित संरक्षण में लेने के बाद पुलिस टीम ने उससे बातचीत की और उसकी स्थिति को समझने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे आवश्यक समझाइश दी और भावनात्मक एवं तनावपूर्ण परिस्थितियों में स्वयं को नुकसान नहीं पहुंचाने के लिए समझाया। आवश्यक कार्रवाई के बाद युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते समय रहते युवक तक पहुंच बनाई जा सकी और एक संभावित अनहोनी को टाला गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव, आरक्षक साविल चंद्रा तथा साइबर थाना के आरक्षक रविंद्र गुप्ता की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशीलता महत्वपूर्ण रही।
रायगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को महज एक सामान्य पोस्ट मानकर नजरअंदाज नहीं किया, बल्कि सूचना की गंभीरता को समझते हुए तत्काल तकनीकी सहायता और पुलिस टीम को सक्रिय किया। इसके परिणामस्वरूप पुलिस समय रहते युवक तक पहुंचने में सफल रही।
रायगढ़ पुलिस की अपील
रायगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जीवन में परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, भावनात्मक या तनावपूर्ण स्थिति में स्वयं को नुकसान पहुंचाने जैसा कदम न उठाएं। मुश्किल समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता। ऐसे समय में अकेले रहने के बजाय परिवार, मित्र या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से अपनी परेशानी साझा करें।
पुलिस ने यह भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के व्यवहार या सोशल मीडिया पोस्ट से उसके स्वयं को नुकसान पहुंचाने की आशंका नजर आती है, तो उसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल परिवार के लोगों, पुलिस, स्थानीय प्रशासन अथवा संबंधित सहायता सेवा से संपर्क कर मदद ली जानी चाहिए।
रायगढ़ पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे संवेदनशील संकेतों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल हस्तक्षेप कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

