सक्ती/डभरा :- डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़ापाली स्थित अम्बेडकर चौक के पास बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में डभरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिस की तत्परता सामने आई है।
यह कार्रवाई जिला सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चंद्रपुर/डभरा सुमित गुप्ता के कुशल नेतृत्व में की गई।
11 सितंबर को मिली थी प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को थाना डभरा क्षेत्र के ग्राम मेढ़ापाली स्थित अम्बेडकर चौक के पास बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
इस संबंध में छत्रपाल आजाद, पिता महावीर, निवासी पलाड़ी खुर्द, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती ने थाना डभरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डभरा में अपराध क्रमांक 350/2026, धारा 298 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटनास्थल का निरीक्षण कर जुटाए साक्ष्य
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके का नजरी नक्शा तैयार किया। इसके साथ ही प्रार्थी एवं प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के कथन दर्ज किए गए। पुलिस द्वारा उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की भूमिका की जांच की गई।
विवेचना के दौरान आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर डभरा पुलिस ने 12 सितंबर 2026 को तीन आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
हेमंत यादव, पिता श्याम कुमार यादव, उम्र 24 वर्ष।
साहिल भारद्वाज, पिता संतोष भारद्वाज, उम्र 19 वर्ष।
अमित बसंत, पिता कृष्ण कुमार बसंत, उम्र 20 वर्ष।
तीनों आरोपी ग्राम मेढ़ापाली, थाना डभरा, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़) के निवासी बताए गए हैं।
एक विधि से संघर्षरत बालक भी कार्रवाई की जद में
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना नियमानुसार उनके परिजनों को दी गई। वहीं, प्रकरण में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। मामले की विवेचना अभी जारी है और पुलिस द्वारा प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
कई पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी डभरा निरीक्षक राजेश पटेल, उप निरीक्षक कमल मैरिसा, सहायक उप निरीक्षक शंकर लाल साहू, आरक्षक योगेश साहू, गोविंद पटेल, जय प्रकाश उरांव, राम गोपाल यादव एवं रणजीत जांगड़े, महिला आरक्षक दुलेश्वरी कंवर सहित साइबर सेल सक्ती, चौकी फगुरम, चौकी अड़भार एवं थाना मालखरौदा की टीम का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी रखते हुए घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

