छाल :- रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों के बीच पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात्रि गश्त लगभग नाकाम साबित हो रही है, जिसके चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं और कम समय के अंतराल में चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार छाल क्षेत्र में पखवाड़े भर के भीतर चोरी की दो बड़ी वारदातें हो चुकी हैं। पहली घटना के बाद पुलिस की जांच मुख्य रूप से सीसीटीवी फुटेज और टावर डंप डेटा तक सीमित रही। इसी बीच चोर गिरोह ने महज 12 दिनों के भीतर दूसरी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की कार्यप्रणाली को खुली चुनौती दे दी।
बीते 2 जनवरी की रात कुड़ेकेला गांव में अज्ञात चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की। बताया जा रहा है कि यह मकान सुनसान था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और वे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग कर रहे हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि छाल थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को और अधिक सख्त करने की जरूरत है, ताकि आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

