बेमेतरा। छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने राज्य के राशन कार्डधारियों को बड़ी राहत देते हुए जून, जुलाई और अगस्त माह का चावल एक साथ वितरित करने का निर्णय लिया है। हितग्राही अपनी सुविधा अनुसार एक, दो या तीन माह का चावल एकमुश्त अथवा पृथक-पृथक रूप से उठा सकेंगे।
चावल वितरण की सुविधा और व्यवस्था
राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार राशन कार्डधारियों को तीन माह का चावल एक साथ उठाने की बाध्यता नहीं होगी। हितग्राही प्रत्येक माह का चावल अलग-अलग भी उठा सकते हैं। वितरण कार्य ई-पॉस प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य रहेगा। साथ ही, हितग्राहियों को ई-पॉस मशीन से रसीद भी प्रदान की जाएगी।
अन्य सामग्री का वितरण स्टॉक के अनुसार
शक्कर, नमक, चना एवं गुड़ जैसी अन्य राशन सामग्री का वितरण नागरिक आपूर्ति निगम में उपलब्ध स्टॉक के आधार पर प्रत्येक माह पृथक रूप से किया जाएगा।
“चावल उत्सव” का आयोजन
जून माह में “चावल उत्सव” के रूप में इस वितरण अभियान को मनाया जाएगा। उत्सव के दिन तीन माह का चावल एक साथ वितरित किया जाएगा। इसके लिए सभी उचित मूल्य दुकानों में नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो भंडारण, वितरण और सत्यापन की निगरानी करेंगे।
प्रचार और जागरूकता
राज्य शासन ने निर्देश दिए हैं कि चावल वितरण की जानकारी का प्रचार-प्रसार उचित मूल्य दुकानों में पोस्टर-बैनर एवं अन्य माध्यमों से किया जाए। लाभार्थियों से अपील की गई है कि वे 31 मई 2025 तक चावल एवं राशन सामग्री का उठाव कर लें।

