रायगढ़ :- 17 अगस्त 2026। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने 16 अगस्त को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सिलसिलेवार चार शराब रेड की। इस दौरान पुलिस ने 395 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 53,500 रुपये है, जब्त की। मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें रिमांड पर भेजा गया है।
कार्रवाई एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में तथा कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने शराब के साथ उसे बनाने और रखने में इस्तेमाल किए जा रहे गैस सिलेंडर, चूल्हा, प्लास्टिक डिब्बे, जरिकेन, बाल्टी एवं अन्य सामग्री भी जब्त की है।
धनागर में 100 लीटर महुआ शराब बरामद
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर निवासी कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल अपने घर के आंगन में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान अलग-अलग प्लास्टिक डिब्बों और जरिकेन में रखी 100 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास शराब रखने अथवा बिक्री करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला।
कुरमापाली में 20 लीटर शराब जब्त
दूसरी कार्रवाई ग्राम कुरमापाली में की गई। पुलिस ने शिव रजवार के ससुर के मकान के पास दबिश दी। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा कच्ची महुआ शराब की बिक्री करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई।
तलाशी में प्लास्टिक जरिकेन एवं पन्नी में रखी 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2 हजार रुपये है। आरोपी के पास भी शराब रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाया गया।
कलमी में पिता-पुत्र के कब्जे से 140 लीटर शराब
तीसरी कार्रवाई ग्राम कलमी में की गई, जहां पुलिस को तरुण सतनामी और लक्ष्मी प्रसाद सतनामी द्वारा कच्ची महुआ शराब बनाने और बिक्री के लिए रखने की सूचना मिली थी।
पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ा। तलाशी के दौरान तरुण सतनामी के कब्जे से 50 लीटर और लक्ष्मी प्रसाद सतनामी के कब्जे से 90 लीटर, कुल 140 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है।
चौथी रेड में 135 लीटर महुआ शराब बरामद
इसी क्रम में पुलिस ने ग्राम कलमी में ही अमन सतनामी और तोषराम जोल्हे के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कच्ची महुआ शराब तैयार कर उसे बिक्री के लिए रखने में संलिप्त पाए गए।
तलाशी के दौरान अमन सतनामी से 85 लीटर और तोषराम जोल्हे से 50 लीटर, कुल 135 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 13,500 रुपये आंकी गई है।
चार कार्रवाइयों में 395 लीटर शराब जब्त
कोतरारोड़ पुलिस की चार अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। पुलिस ने बताया कि जब्त शराब की कुल कीमत करीब 53,500 रुपये है। इसके अलावा शराब बनाने और रखने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम धनागर
- शिव रजवार, निवासी ग्राम कुरमापाली
- तरुण सतनामी, उम्र 19 वर्ष, निवासी फाटक पारा, ग्राम कलमी
- लक्ष्मी प्रसाद सतनामी, उम्र 37 वर्ष, निवासी फाटक पारा, ग्राम कलमी
- अमन सतनामी, उम्र 22 वर्ष, निवासी फाटक पारा, ग्राम कलमी
- तोषराम जोल्हे, उम्र 28 वर्ष, निवासी मिट्ठुमुड़ा, दुर्गा चौक, थाना जूटमिल, रायगढ़
सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने कहा—नशे के कारोबार पर जारी रहेगी सख्ती
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के कारण अपराध को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय, आरक्षक मनोज कुमार यादव, बंशी रात्रे, शैलेन्द्र पैंकरा, चूड़ामणि गुप्ता, विनोद लकड़ा, राजेश खंडे एवं महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की अहम भूमिका रही।

