बरमकेला।विकासखंड बरमकेला के ग्राम पेंवरा में जिला स्तरीय पशुधन मेले का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों किसानों और पशुपालकों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने किसानों और पशुपालकों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
मेले में पशुपालन विभाग द्वारा किसानों को उन्नत नस्ल के पशुओं के पालन, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन तथा वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पशुओं का प्रदर्शन और व्यापार भी किया गया, जिससे पशुपालकों को बेहतर नस्लों के बारे में जानकारी
मिल सके। मेले में सैकड़ों किसानों ने छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीयन भी कराया।कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि राज्य में निराश्रित और घुमंतू गौवंश के संरक्षण के लिए ‘गौधाम योजना’ शुरू की जा रही है। इस योजना का औपचारिक शुभारंभ 14 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा बिलासपुर से किया गया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राजकिशोर पटेल, महामंत्री वरुण पटेल, आईटी सेल प्रभारी युवा नेता मधु श्रीवास, रामधारी, संजय कुर्रे सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं उपसंचालक पशु विभाग पाण्डेय, ब्लॉक प्रभारी भारती पटेल,नरेश खूंटे, त्रिलोचन पटेल समेत पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
पशुपालन विभाग के अनुसार ऐसे पशुधन मेलों का उद्देश्य पशुपालकों को उन्नत नस्लों के प्रति जागरूक करना, पशुओं के व्यापार को बढ़ावा देना और वैज्ञानिक पशुपालन को प्रोत्साहित करना है।
