रायगढ़ :- 20 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत खरसिया पुलिस ने तेलीकोट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 8 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी खरसिया को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तेलीकोट के फोकटपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से बिक्री के लिए महुआ शराब रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम ने तेलीकोट फोकटपारा में पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। उसके पास एक पारदर्शी प्लास्टिक का डिब्बा रखा हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नरेन्द्र बघेल, पिता बेदराम बघेल, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 18 तेलीकोट, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़ बताया।
पुलिस द्वारा डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें करीब 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। शराब की अनुमानित कीमत ₹1,600 आंकी गई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
ऑपरेशन आघात के तहत लगातार कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खरसिया पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती को दर्शाती है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
शराब रेड की इस कार्रवाई में महिला प्रधान आरक्षक ममता मिंज, आरक्षक साविल चन्द्रा, आरक्षक कीर्ति राम सिदार एवं आरक्षक बोधराम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

