सक्ती :- थाना सक्ती पुलिस ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टेबाजी में उपयोग किए जा रहे दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 30,000 रुपये) जब्त किए हैं। मामला अपराध क्रमांक 197/2026, धारा 07 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत दर्ज किया गया है।
कैसे हुआ खुलासा
पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशन में आईपीएल सट्टे पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में 29 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि रानीसागर पारा निवासी भुपेन्द्र राठौर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रेड कार्रवाई कर भुपेन्द्र राठौर (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि वह विभिन्न बेटिंग ऐप्स के जरिए आईपीएल मैचों में सट्टा संचालित करता था। आरोपी क्यूआर कोड के माध्यम से आईडी बनाकर उन्हें व्हाट्सएप के जरिए अन्य लोगों को बांटता था और आईडी-पासवर्ड देकर सट्टा खिलवाता था।
जांच में सामने आए अन्य आरोपी
भुपेन्द्र राठौर के मोबाइल की जांच करने पर दो अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई—
-
चंद्रेश कुमार राठौर (32 वर्ष), निवासी नंदौर खुर्द
-
मुकेश अग्रवाल (46 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 16, स्टेशन रोड सक्ती
दोनों आरोपी भुपेन्द्र से आईडी खरीदकर आईपीएल सट्टा खेलते पाए गए। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और अपने मोबाइल फोन पुलिस को सौंप दिए।
डिजिटल साक्ष्य से पुष्टि
मोबाइल फोन की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपीगण ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा गतिविधियों में शामिल थे। वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिए जाने पर आरोपियों ने किसी भी प्रकार के कागजात नहीं होने की बात लिखित में स्वीकार की।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

