खरसिया :- मदनपुर से चोढ़ा मार्ग पर सोमवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में सवार लोग किसी तरह बाहर निकलकर मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान कटाईपाली (सी) निवासी के रूप में हुई है, जो पेशे से शासकीय शिक्षक बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया और परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

