सक्ती :- अवैध कच्ची महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बाराद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पलाडीकलां में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी अश्वनी चौहान उर्फ करण (19 वर्ष) निवासी पलाडीकलां, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती के कब्जे से 15-15 लीटर क्षमता वाले 5 प्लास्टिक जरीकेनों में भरी कुल 75 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 7,500 रुपये बताई गई है।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 194/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई तथा उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी भुवनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में की गई। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव के साथ प्रधान आरक्षक मनीष राजपूत, आरक्षक योगेश राठौर, तकेश्वर कटकवार तथा सैनिक राजेश कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुख्य बिंदु:
-
75 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त
-
5 प्लास्टिक जरीकेनों में रखी गई थी शराब
-
एक आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
-
जब्त शराब की कीमत लगभग 7,500 रुपये
-
बाराद्वार पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

