सक्ती :- 25 अप्रैल 2026। थाना सक्ती पुलिस ने अवैध सट्टा गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर 11 सोंठी निवासी 57 वर्षीय सुन्दर दास महंत को सट्टा खेलते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टा में प्रयुक्त एक मोबाइल (कीमत लगभग 7000 रुपये), सट्टा पट्टी, डॉट पेन तथा 510 रुपये नगद सहित कुल 7510 रुपये जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब, जुआ और सट्टा पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। सायबर सेल टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर के सामने कागज और मोबाइल के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
रेड के दौरान अन्य सट्टा खेलने वाले लोग पुलिस को देखकर फरार हो गए, जबकि सुन्दर दास महंत मौके पर ही पकड़ में आ गया। पूछताछ में वह सट्टा संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में सायबर सेल टीम एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

