मुंगेली 27 जुलाई 2023// कलेक्टर श्री राहुल देव के निर्देशानुसार मुंगेली एसडीएम सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो ने समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में बिलासपुर सड़क मार्ग पर गीधा में संचालित कल्याणी घरौंदा केंद्र का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वहां आवासीय सुविधा में रह रहे मानसिक दिव्यांग बच्चों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने बच्चों के लिए घरौंदा केंद्र में शिक्षा, खेलकूद, नाश्ता, भोजन की व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीएम ने बच्चों की शिक्षा का स्तर भी परखा। उन्होंने पढ़ाई के दौरान गणित, हिंदी व अंग्रेजी वर्णमाला लेखन में बच्चों द्वारा किए गए अभ्यास पुस्तिका का अवलोकन कर सराहना की। उन्होंने बच्चों को बिस्किट और पुष्प प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। एसडीएम ने कहा कि शासन की मंशानुरूप जिला प्रशासन द्वारा ऐसे निःशक्तजन बच्चों जो आटिज्म, सेलेब्रल पाल्सी, मानसिक मंदता और एकाधिक बहुनिःशक्तता से ग्रसित हों, उन्हें संस्थागत आश्रय सुनिश्चित करने और देखरेख की मानक सेवाएं प्रदान करने के लिए घरौंदा केंद्र की स्थापना की गई है। इसका लाभ जिले के अधिक से अधिक मानसिक दिव्यांगजनों को मिलना चाहिए।
घरौंदा कल्याणी आश्रम के संचालक श्री अजय कल्याणी ने बताया कि घरौंदा केन्द्र में वर्तमान में 25 बेड की व्यवस्था की गई है। यहां रहने वाले मानसिक दिव्यांगजनों को योगाभ्यास एवं व्यायाम (विभिन्न थैरेपी) के साथ शैक्षणिक, नैतिक व व्यावसायिक प्रशिक्षण, भोजन, दवाई, खेलकूद, मनोरंजन की सुविधा उपलब्ध जा रही है। समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक श्रीमती शारदा जायसवाल ने बताया कि घरौंदा कल्याणी आश्रम में प्रवेश हेतु पंजीयन 31 जुलाई तक कराया जा सकता है। जिसमें प्रवेश के लिए दिव्यांगजन या उनके अभिभावक विकासखण्ड लोरमी में श्री सुरेन्द्र सिंह राजपूत मोबाईल नम्बर 9753577100 एवं श्री कमल सिंह राठौर मोबाईल नम्बर 9993383806 तथा विकासखण्ड मुंगेली में श्री खेलावन प्रसाद भट्ट मोबाईल नम्बर 6260864804 और विकासखण्ड पथरिया मे श्री मूलचंद डड़सेना मोबाईल नम्बर 9174064628 पर तथा घरौंदा कल्याणी आश्रम में भी संपर्क कर सकते है।