रायगढ़ :- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायगढ़ प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जितेंद्र जैन जी के निर्देशानुसार एवं तालुका विधिक सेवा समिति घरघोड़ा विशेष न्यायाधीश/अध्यक्ष शहाबुद्दीन कुरैशी जीबमार्गदर्शन में तथा नेहा यति मिश्रा सीजीएम/ सचिव डालसा रायगढ़ के परिपालन में दिनांक 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस के अवसर पर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरलिया, तहसील रायगढ़ में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र छात्राओं को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में प्रधान पाठक रामचरण नवनीत, स्कूल के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं तथा छात्र छात्राओं के मध्य पैरालीगल वॉलंटियर्स (PLV) बालकृष्ण चौहान, लवकुमार चौहान, सुभाष चौधरी एवं टीकम सिंह सिदार द्वारा विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी गई।
इस दौरान बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, बाल श्रम निषेध कानून, पॉक्सो एक्ट 2012, बच्चों के अधिकार एवं संरक्षण, गुड टच-बैड टच तथा बच्चों के साथ होने वाले शोषण एवं अपराधों की रोकथाम के संबंध में सरल भाषा में समझाया गया। साथ ही NALSA डॉन योजना 2025 एवं आशा योजना 2025 के माध्यम से बच्चों के हित में उपलब्ध विधिक सहायता एवं संरक्षण संबंधी जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने, अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार के शोषण या परेशानी की स्थिति में बिना डर के अभिभावकों एवं संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन पुलिस सहायता 112 एवं निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों को बाल विवाह, बाल मजदूरी एवं बाल शोषण के विरुद्ध जागरूक रहने तथा अपने आसपास ऐसी घटनाएं होने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित, शिक्षित एवं भयमुक्त बचपन सुनिश्चित करने का संदेश देना रहा।

