‘दौड़े स्वस्थ भारत के लिए मैराथन’ तथा ‘योग एवं ध्यान सत्र’ का हुआ आयोजन
जनप्रतिनिधियों अधिकारियों कर्मचारियों और जिलेवासियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
सक्ती :- 30 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत जिले में जनभागीदारी एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्टर जयश्री जैन, एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, सीईओ वासु जैन की उपस्थिति मे फिट इंडिया के तहत ‘दौड़े स्वस्थ भारत के लिए’ मैराथन दौड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। दौड़ का शुभारंभ सुबह 7:00 बजे अटल चौक सक्ती से किया गया तथा इसका समापन सेजेस स्कूल, सक्ती में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को नियमित शारीरिक गतिविधियों एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। इसी क्रम में सेजेस सक्ती मे ‘योग एवं ध्यान सत्र’ का आयोजन भी किया गया। यह सत्र सुबह 7:30 बजे से 8:15 बजे तक सेजेस स्कूल, सक्ती में आयोजित हुआ। योग एवं ध्यान सत्र में योगाचार्य द्वारा योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास कराया गया। योग सत्र में अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्धउष्ठासन, उष्ट्रासन, उत्तान मंडूकासन, वक्रासन, मकरासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्धहलासन, पवनमुक्तासन, शिथिलीकरण अभ्यास, स्कंध संचालन, ताड़ासन,एवं शवासन का अभ्यास कराया गया। साथ ही कपालभाति, प्राणायाम, भ्रामरी आदि का प्रशिक्षण देकर योग के मानसिक व शरीरिक लाभों की जानकारी दी गई।

योगाभ्यास में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों व नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास कर दैनिक जीवन में नियमित योग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने संबोधित करते हुए कहा की सभी ने आज योगा और मैराथन दौड़ को पूरे उत्साहपूर्वक किया। उन्होंने कहा कि योगा को लोगो को अपने अच्छे फिटनेस के लिए मजे के साथ उत्साहपूर्वक करना चाहिए।

हमें हसते हुए सारे कार्य करने चाहिए। कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने के लिए सभी को धन्यवाद दिया। उन्होने कहा कि योग शारिरीक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक है। योग जीवन के लिए बहुत ही सरल और महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ, अनुशासित जीवन की ओर कदम बढ़ाएं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य स्वस्थ नागरिक, स्वस्थ समाज एवं विकसित भारत की दिशा में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
मैराथन दौड़ में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हिमेश श्रीवास, द्वितीय स्थान उपेंद्र पांडे, सिरली तथा तृतीय स्थान रजत सूर्यकांत लवसरा ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। मैराथन के पश्चात योग एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। जिले के प्रसिद्ध योगाचार्य चतुर सिंह चंद्रा, गोपाल एवं उनकी टीम द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योग कार्यक्रम में योगदान देने वाले योग शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से ‘दौड़े स्वस्थ भारत के लिए’ और ‘योग से स्वास्थ्य, ध्यान से शक्ति’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को योग एवं ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के एस पैकरा, पर्यावरण अधिकारी आर पी वासुदेव, सीएमओ सक्ती प्रह्लाद पांडेय, सी इ ओ जनपद सक्ती सी के आदिले, अभिषेक शर्मा, चिराग अग्रवाल सहित जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधि, युवाओं, विद्यार्थी व गणमान्य नागरिक सहित समस्त जिलेवासी उक्त कार्यक्रम में शामिल होकर ‘सेवा मेरा योगदान’ के संकल्प को साकार किए।

