खरसिया :- ग्राम रक्सापाली निवासी पत्रकार गोपाल कृष्ण नायक का बीती रात निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकार जगत सहित खरसिया क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मिलनसार, धार्मिक प्रवृत्ति और सहज-सरल स्वभाव के गोपाल नायक से जुड़े लोगों ने उनके निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए गहरा दुःख व्यक्त किया।

गोपाल नायक की पार्थिव देह की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पत्रकार, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, रिश्तेदार, शुभचिंतक और उनके मित्र शामिल हुए। अंतिम यात्रा में खरसिया विधायक उमेश नंदकुमार पटेल, साहू समाज के जिला अध्यक्ष एवं छाया विधायक महेश साहू सहित उनके परम मित्र कन्हैया पटेल, प्रद्युम्न पटेल, राकेश पटेल, लक्ष्मी पटेल, राजू नायक, बिट्टू बंजारा सहित दर्जनों पत्रकार साथी एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और श्रद्धांजलि अर्पित की।

पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में बनाई अलग पहचान
गोपाल कृष्ण नायक पत्रकारिता से जुड़े होने के साथ ही सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। उनके मिलनसार स्वभाव के कारण राजनीति, पत्रकारिता और समाज के विभिन्न वर्गों में उनके परिचित और शुभचिंतक थे। वे सहजता से सभी से घुल-मिल जाते थे और अपने व्यवहार से लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाए हुए थे।

उनके निधन से उनके गृह ग्राम रक्सापाली के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। उनके परिचितों और शुभचिंतकों का कहना है कि गोपाल नायक का असमय निधन परिवार, मित्रों और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
पत्रकार साथियों ने जताया गहरा दुःख
पत्रकार राजेश शर्मा, नैना वैष्णव, गोपाल शर्मा, टंकेश्वर राठौर, कैलाश शर्मा, प्रहलाद बंसल, जगदीश मित्तल, विद्या चौहान, किशोर चौहान सहित क्षेत्र के अन्य पत्रकारों ने गोपाल नायक के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया।
पत्रकार साथियों ने कहा कि गोपाल नायक के निधन से पत्रकारिता जगत ने अपना एक मिलनसार और आत्मीय साथी खो दिया है। उनके साथ बिताए समय और उनकी सहज आत्मीयता को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोपाल नायक के निधन से हुई क्षति की भरपाई संभव नहीं है।
पत्रकार साथियों एवं शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

