मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर की पूछताछ, चोरी का अपराध स्वीकार करने के बाद भेजा न्यायिक रिमांड पर
सक्ती :- थाना बाराद्वार पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मोटरसाइकिल की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हनुमंता वार्ड नंबर 14 निवासी महेन्द्र कुमार सूर्यवंशी पिता लच्छीराम सूर्यवंशी ने थाना बाराद्वार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी काला/हरा रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 बीआर 9223 को 23 सितंबर 2026 को अपने घर के आंगन में खड़ा किया था। कुछ समय बाद मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने थाना बाराद्वार में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट के आधार पर थाना बाराद्वार पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरी करने वाले आरोपी की पतासाजी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई।
मुखबिर की सूचना और पुलिस की तत्परता के आधार पर पुलिस ने अजय कुमार बरेठ पिता रामभरोस बरेठ, उम्र 26 वर्ष, निवासी हनुमंता, थाना बाराद्वार, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 बीआर 9223 को चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई काला/हरा रंग की मोटरसाइकिल, क्रमांक सीजी 11 बीआर 9223, अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये बरामद कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भापुसे) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ती भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक नरेन्द्र यादव, थाना प्रभारी बाराद्वार ने किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र यादव के नेतृत्व में सउनि. मथुरा प्रसाद मन्नेवार, प्रआर. मनीष राजपूत, आरक्षक योगेश राठौर एवं आरक्षक राकेश राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद होने के साथ ही मामले में आरोपी की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित हुई।

