रायगढ़ :- 23 सितंबर 2026। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के अंतर्गत थाना छाल पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान भोपेश्वर उर्फ छोटू राठिया (20 वर्ष) के रूप में हुई है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को पीड़िता के परिजन ने थाना छाल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गांव के युवक छोटू राठिया ने नाबालिग बालिका को डराने-धमकाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 18 सितंबर की रात की है। परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान नाबालिग घर से बाहर चली गई और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह वह खेत स्थित एक सुनसान मकान में मिली, जिसके बाद परिजन उसे घर लेकर आए।
पूछताछ के दौरान बालिका ने परिजनों को घटना के संबंध में जानकारी दी। उसके अनुसार, घटना वाली शाम आरोपी उसके घर के पास आया था और रात करीब 9 बजे उसे खेत स्थित एक सुनसान मकान में बुलाया। पुलिस के अनुसार, बालिका के साथ नहीं आने पर आरोपी ने उसे बदनाम करने की धमकी दी, जिससे डरकर वह उसके साथ चली गई। आरोप है कि सुनसान मकान में आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे वहीं छोड़कर चला गया।
परिजनों द्वारा आपस में चर्चा के बाद 21 सितंबर को थाना छाल में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 214/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
महिला पुलिस अधिकारी ने दर्ज किया पीड़िता का बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता साहू द्वारा अपराध पंजीबद्ध करने की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही पीड़िता का बयान महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से दर्ज कराया गया।
छाल पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान, उप निरीक्षक मदन पटले, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता साहू, आरक्षक सुरेन्द्र बंशी और आरक्षक राजेश राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

