‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए जन-जन तक पहुंचेगा मोदी सरकार का सेवा भाव
खरसिया :- नगर मंडल खरसिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा काल के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा ने की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविन्द्र प्रकाश गवेल उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के बीते 25 वर्ष जनसेवा, सशक्त नेतृत्व और भारत के सामर्थ्य पर अटूट विश्वास की मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
बैठक के दौरान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले माहव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान के तहत विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से आमजन तक पहुंचने की कार्ययोजना तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को अभियान के उद्देश्यों, कार्यक्रमों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा और जनकल्याण उसकी कार्यशैली का प्रमुख आधार है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं और सेवा भाव को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने लिया सेवा का संकल्प
कार्यशाला में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, समर्पण और जनकल्याण का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं से अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों से संपर्क कर उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने का आह्वान किया गया।
कार्यशाला में वरिष्ठ नेता गिरधर गुप्ता, गोपाल शर्मा, कमल गर्ग, बंटी सोनी, पार्षद प्रतिनिधि गिरधारी गवेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में अभियान को लेकर उत्साह और सक्रियता देखने को मिली। बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

