रायगढ़ :- 10 सितंबर 2026। घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित दो किराना दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी का रायगढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के मामले में ग्राम बरपाली नवाडीह निवासी 32 वर्षीय सतीष चौहान को राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और उसके मेमोरंडम के आधार पर पुलिस ने 2,64,146 रुपये नकद, 1 किलो 508 ग्राम चांदी, सैमसंग मोबाइल और चोरी में इस्तेमाल किया गया गमछा समेत कुल 6,30,286 रुपये की संपत्ति बरामद की है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधिकारियों और साइबर टीम के समन्वित प्रयास से की गई।
बारिश का फायदा उठाकर दो दुकानों में की सेंधमारी
पुलिस के मुताबिक 23-24 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित संतोष किराना दुकान को चोर ने निशाना बनाया। तेज बारिश का फायदा उठाते हुए आरोपी दुकान की छत पर पहुंचा और टीन शीट के किनारे तथा दीवार के बीच बनी जगह से फॉल सीलिंग तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हुआ।
आरोपी ने दुकान के गल्ले में रखी करीब 4 लाख रुपये की नगदी, चांदी के सिक्के और चांदी का बिस्किट चोरी कर लिया। इसके बाद उसने पास स्थित गोकुलचंद मामराज किराना दुकान को भी निशाना बनाया। वहां भी टीन शीट और फॉल सीलिंग तोड़कर अंदर घुसा और करीब 90 हजार रुपये की नगदी सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गया।
दोनों घटनाओं की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 265/2026 और 266/2026 दर्ज कर धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई।
100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
लगातार दो दुकानों में हुई चोरी को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने के निर्देश दिए।
घटना के बाद एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी और साइबर डीएसपी शिखर मरावी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू और साइबर टीम ने घटनास्थल के साथ आसपास के इलाके में लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
CCTV फुटेज में संदिग्ध का हुलिया सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान ग्राम बरपाली नवाडीह निवासी सतीष चौहान के रूप में की। पुलिस ने उसके घर दबिश दी, लेकिन आरोपी वहां नहीं मिला।
चोरी के पैसों से खरीदा मोबाइल, घूमने-फिरने में भी उड़ाई रकम
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने चोरी के पैसों से लैलूंगा स्थित तमन्ना मोबाइल दुकान से नया मोबाइल खरीदा है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल संबंधी जानकारी के आधार पर उसकी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी की रकम से 19,300 रुपये में सैमसंग कंपनी का A-07 मॉडल मोबाइल खरीदा था। इसके अलावा करीब 25 हजार रुपये घूमने-फिरने और खाने-पीने में खर्च करने की बात भी स्वीकार की।
नागपुर पहुंचा आरोपी, पुलिस ने राजनांदगांव तक किया पीछा
CCTV और तकनीकी जांच से पहचान सामने आने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रही थी। इसी दौरान उसकी लोकेशन नागपुर में मिली। पुलिस टीम तत्काल नागपुर रवाना हुई।
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी नागपुर से भी आगे भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी के आधार पर उसका पीछा जारी रखा और आखिरकार राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों दुकानों में चोरी करना कबूल
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने 23-24 अगस्त की रात जयस्तंभ चौक स्थित दोनों किराना दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह दोनों दुकानों में अक्सर सामान खरीदने जाता था और उसे दुकानों की गतिविधियों की जानकारी थी। 23 अगस्त की रात तेज बारिश होने के कारण उसने इसे चोरी के लिए अनुकूल मौका माना। उसने पहले संतोष किराना दुकान की छत पर चढ़कर फॉल सीलिंग तोड़ी और अंदर प्रवेश किया।
CCTV कैमरों से पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। पहली दुकान से नगदी और चांदी चोरी करने के बाद उसने दूसरी दुकान में भी इसी तरीके से प्रवेश किया।
दूसरी दुकान से नगदी के अलावा चिल्हर सिक्के, हल्दी, मसाला, साबुन, काजू और बादाम समेत अन्य किराना सामान भी चोरी किया।
6.30 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद
आरोपी के मेमोरंडम के आधार पर पुलिस ने दोनों मामलों में निम्न संपत्ति बरामद की—
2,64,146 रुपये नकद
1 किलो 508 ग्राम चांदी, अनुमानित कीमत 3,46,840 रुपये
सैमसंग कंपनी का एंड्रॉएड मोबाइल
सफेद-संतरा रंग का चेकदार गमछा
बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 6,30,286 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी सतीष चौहान पिता स्व. नान्हूराम चौहान, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बरपाली नवाडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ को दोनों अपराधों में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी और बरामदगी में इनकी रही अहम भूमिका
आरोपी की पतासाजी, गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने में एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, साइबर डीएसपी शिखर मरावी के नेतृत्व में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, थाना प्रभारी साइबर विजय चेलक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शुभम मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, आरक्षक हरीश पटेल, आरक्षक उधो राम पटेल, जगमोहन लाल ओग्रे तथा साइबर थाना के प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर, आरक्षक प्रशांत पंडा, पुष्पेंद्र जाटवर, नवीन शुक्ला और रविन्द्र गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके अलावा स्थानीय युवक कालिया गुप्ता और जनेश्वर कुर्रे का भी विशेष योगदान रहा।
एसएसपी बोले—तकनीकी निगरानी से आरोपी कानून के शिकंजे में
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध के बाद आरोपी कितना भी दूर भाग जाए, पुलिस की तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयास उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि घरघोड़ा चोरीकांड में पुलिस टीम ने चुनौती को स्वीकार करते हुए 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और नागपुर से राजनांदगांव तक उसका पीछा कर गिरफ्तार किया। पुलिस की इसी तत्परता और समन्वित कार्रवाई से चोरी की गई संपत्ति भी बरामद करने में सफलता मिली है।

