अकलतरा में शिक्षक सम्मान समारोह, सरकारी, गैर सरकारी एवं सेवानिवृत्त 100 शिक्षकों का किया गया सम्मान
अकलतरा :- शिक्षक दिवस के अवसर पर वेल विशर फाउंडेशन एवं भगत सिंह पब्लिक स्कूल द्वारा संचालित ब्रैनी बियर प्री स्कूल एंड एक्टिविटी क्लब, अकलतरा के संयुक्त तत्वावधान में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सरकारी, गैर सरकारी एवं सेवानिवृत्त कुल 100 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के योगदान और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जन्मेजय महोबे (IAS), कलेक्टर, जिला जांजगीर-चांपा उपस्थित रहे। वहीं विजय कुमार पांडेय (IPS), पुलिस अधीक्षक, जिला जांजगीर-चांपा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधान पाठक ईश्वर सिंह बैस ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग, बिलासपुर संभाग आर.पी. आदित्य उपस्थित रहे।
शिक्षक होना गर्व की बात, राष्ट्र निर्माण में निभाते हैं अहम भूमिका : कलेक्टर
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी सम्मानित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक होना अपने आप में गर्व की बात है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने का कार्य नहीं करता, बल्कि उनके व्यक्तित्व, सोच और भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होता है और बच्चों की आंखों में पल रहे सपनों को साकार करने का माध्यम बनता है। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों के माध्यम से आने वाली पीढ़ी का निर्माण करता है। बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधों पर होती है। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
शिक्षकों के प्रयासों से बनता है संस्कारवान समाज : एसपी
अति विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने समारोह की सराहना करते हुए कहा कि वेल विशर फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह शिक्षक सम्मान समारोह शिक्षकों को उनके कार्य के प्रति और अधिक सजग एवं प्रेरित करने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का अभिन्न अंग हैं और उनके प्रयासों से ही एक अच्छे, जागरूक एवं संस्कारवान समाज का निर्माण संभव है।
एसपी पांडेय ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ समाज और वर्तमान समय की चुनौतियों के प्रति भी जागरूक करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को साइबर अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं तथा विद्यार्थियों को साइबर ठगी एवं ऑनलाइन अपराधों से बचाने के लिए जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सकारात्मक भूमिका निभाने शिक्षकों का आह्वान
विशिष्ट अतिथि आर.पी. आदित्य, सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग, बिलासपुर संभाग ने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण वर्ग है। उन्होंने शिक्षकों से समाज में आगे आकर सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनाने के साथ-साथ समाज में शिक्षा और संस्कार का वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
100 शिक्षकों को सम्मानित करना संस्था के लिए गौरव की बात : आविनाश सिंह
वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष आविनाश सिंह ने समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों का स्वागत करते हुए संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना है।
उन्होंने बताया कि समारोह में सरकारी, गैर सरकारी एवं सेवानिवृत्त कुल 100 शिक्षकों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान समाज के भविष्य का सम्मान है और संस्था आगे भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
बच्चों के भविष्य निर्माण के साथ संस्कार देना भी शिक्षकों की जिम्मेदारी : श्रीपाल सिंह बैस
भगत सिंह पब्लिक स्कूल द्वारा संचालित ब्रैनी बियर प्री स्कूल एंड एक्टिविटी क्लब के संचालक श्रीपाल सिंह बैस ने सम्मानित सभी शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने शिक्षकों से इसी तरह समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।
अतिथियों और शिक्षकों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम को सेवानिवृत्त प्रधान पाठक ईश्वर सिंह बैस एवं संस्था के सदस्य दीपक साहू ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों के योगदान को समाज और राष्ट्र के लिए अमूल्य बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक पीढ़ियों का निर्माण करते हैं और उनके द्वारा दिए गए ज्ञान एवं संस्कार का प्रभाव लंबे समय तक समाज पर दिखाई देता है।
बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
समारोह का संचालन वेल विशर फाउंडेशन के सचिव चिराग शर्मा ने किया। वहीं संस्था की कोषाध्यक्ष श्रीमती रंजना सिंह ने आभार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, शिक्षकों एवं संस्था के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष आविनाश सिंह, सचिव चिराग शर्मा, कोषाध्यक्ष श्रीमती रंजना सिंह, सदस्य श्रीपाल सिंह बैस, दीपक साहू, प्रशांत कोटनगले एवं प्रेम नीलमकर सहित भगत सिंह पब्लिक स्कूल द्वारा संचालित ब्रैनी बियर प्री स्कूल एंड एक्टिविटी क्लब के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ, वरिष्ठ नागरिक तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
समारोह में 100 शिक्षकों के सम्मान से पूरा आयोजन गरिमामय एवं भावपूर्ण बना रहा। उपस्थित लोगों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके योगदान को समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।

