खरसिया :- सावन माह में भगवान शिव की भक्ति और जलाभिषेक को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खरसिया क्षेत्र के कई गांवों से बड़ी संख्या में शिव भक्त डीजे की धुन पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए श्री सिद्धेश्वर नाथ मंदिर, बरगढ़ में जल चढ़ाने के लिए पहुंचते हैं। लेकिन इस बार प्रशासन द्वारा डीजे साउंड पर रोक लगाए जाने से श्रद्धालुओं और डीजे संचालकों में नाराजगी देखने को मिली।

इसी समस्या को लेकर रविवार देर रात खरसिया क्षेत्र के विभिन्न गांवों से सैकड़ों की संख्या में शिव भक्त एवं डीजे संचालक खरसिया थाना पहुंचे। मौके पर पहुंचकर उन्होंने प्रशासन के सामने अपनी समस्या रखी और डीजे बजाने की अनुमति देने की मांग की।
शिव भक्तों का कहना है कि वे वर्षों से सावन के दौरान धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ डीजे की धुन पर भगवान शिव के भजनों और जयकारों के साथ बरगढ़ स्थित श्री सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में जल चढ़ाने जाते हैं। डीजे पर रोक लगाए जाने से उनकी धार्मिक यात्रा का उत्साह फीका पड़ रहा है। वहीं, डीजे संचालकों का कहना है कि सावन के दौरान उन्हें काम का अवसर मिलता है, लेकिन प्रशासनिक रोक के कारण उनके सामने भी परेशानी खड़ी हो गई है।
देर रात बड़ी संख्या में लोगों के थाना पहुंचने के बाद पुलिस-प्रशासन द्वारा उनकी बात सुनी गई। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन और शिव भक्तों के बीच इस मामले में क्या समाधान निकलता है और क्या धार्मिक यात्राओं के दौरान डीजे संचालन को लेकर कोई वैकल्पिक व्यवस्था या अनुमति दी जाती है।
फिलहाल, शिव भक्तों और डीजे संचालकों की मांग के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। प्रशासन के निर्णय के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

