सक्ती :- जिले के पलाड़ी कला स्थित केंद्र सरकार द्वारा संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। विद्यालय में कक्षा 9वीं के छात्र ओमेश कुमार कंवर (निवासी ग्राम बासीन) ने छात्रावास के शौचालय में फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद परिजनों ने छात्रावास अधीक्षक पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल निलंबन और उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि छात्र मानसिक रूप से परेशान था और उसे छात्रावास में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही इसी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर सक्ती से छात्रावास की अव्यवस्थाओं एवं कथित प्रताड़ना की शिकायत की थी। हालांकि, आरोप है कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। अब छात्र की मौत के बाद पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

