रायगढ़ :- 28 जून। महिला पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण को प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रविवार को पुलिस लाइन उर्दना में जिला पुलिस रायगढ़ एवं “आगाज़ – एक नई पहल” संस्था के संयुक्त तत्वावधान में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management – MHM) विषय पर विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों में मासिक धर्म के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करना, व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व को समझाना तथा सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल सेनेटरी अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद जिला स्वच्छता मिशन की नोडल अधिकारी एवं “आगाज़ – एक नई पहल” संस्था की फाउंडर मोनिका इजारदार ने मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, व्यक्तिगत स्वच्छता, संक्रमण से बचाव, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और सुरक्षित मासिक धर्म प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है और इससे जुड़े मिथकों को समाप्त कर वैज्ञानिक सोच अपनाना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर डीएसपी उन्नति ठाकुर ने महिला पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही बेहतर कार्यक्षमता और आत्मविश्वास की आधारशिला है। उन्होंने सेनेटरी पैड के सुरक्षित उपयोग, रखरखाव, उचित निस्तारण तथा कार्यस्थल पर गरिमा और स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यशाला के दौरान पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सेनेटरी अपशिष्ट के सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई, ताकि स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंचे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिला पुलिसकर्मियों ने मासिक धर्म स्वच्छता, सम्मान और जागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यशाला में “आगाज़ – एक नई पहल” संस्था की फाउंडर मोनिका इजारदार, जय कुमार चौहान, प्रकाश जायसवाल, राजेन्द्र साहू, निशि चंदेल सहित शहर एवं जिले के विभिन्न थानों से बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों ने सहभागिता की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने संदेश में कहा, “महिला पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जागरूकता, वैज्ञानिक सोच और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन से वे अपनी जिम्मेदारियों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर समाज की सेवा को और अधिक सशक्त बना सकती हैं। स्वस्थ महिला पुलिसकर्मी ही बेहतर सेवा और सुरक्षित समाज की मजबूत आधारशिला हैं।”

