सेंदुरस में पति-पत्नी की हत्या और लूट के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, ज्वेलरी कारोबारी भी पकड़ा गया
सक्ती, 10 जून 2026। सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदुरस में हुए सनसनीखेज पति-पत्नी दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि इन्हीं आरोपियों ने जून 2024 में ग्राम मुक्ता में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड को भी अंजाम दिया था। पुलिस ने लूट के सोने के आभूषण खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी को भी गिरफ्तार किया है।

रात में सो रहे दंपत्ति की बेरहमी से की थी हत्या
जानकारी के अनुसार 2-3 जून 2026 की दरमियानी रात ग्राम सेंदुरस में अपने घर के बरामदे में सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे की अज्ञात हमलावरों ने लोहे की रॉड से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतिका के सोने के आभूषण और घर में रखी नकदी भी गायब थी, जिससे हत्या के साथ लूट की वारदात की आशंका जताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर स्वयं घटनास्थल पहुंचे और विशेष जांच टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कराई।
CEIR पोर्टल और साइबर तकनीक बनी सफलता की कुंजी
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से गायब मृतक के मोबाइल फोन को साइबर सर्विलांस में रखा। मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन विश्लेषण के जरिए पुलिस को आरोपियों के खरसिया थाना क्षेत्र के पलगड़ा इलाके में होने की सूचना मिली।
पुलिस टीम ने पलगड़ा स्थित एक ढाबे से देवकुमार यादव (33 वर्ष) निवासी पंडरीपानी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसके कब्जे से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद उसने अपने साथी रूपचरण यादव (40 वर्ष) के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।
मामूली विवाद बना दोहरे हत्याकांड की वजह
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले मृतक पुरुषोत्तम खुंटे से मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने हत्या की साजिश बनाई।
घटना वाली रात दोनों आरोपी स्केल पट्टी की मदद से घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुसे और सो रहे पति-पत्नी पर लोहे की रॉड से लगातार हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने मृतिका के गले और नाक में पहने सोने के आभूषण लूट लिए तथा घर से नकदी और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
हत्या में प्रयुक्त रॉड, खून से सने कपड़े और नकदी बरामद
आरोपी रूपचरण यादव की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से:
-
हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड
-
खून से सने कपड़े
-
74 हजार रुपये नकद
बरामद किए हैं।
सराफा व्यापारी भी गिरफ्तार
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के कुछ दिन बाद आरोपी रूपचरण यादव ने लूटे गए सोने के आभूषण जैजैपुर निवासी सराफा व्यापारी बाबूलाल साहू (50 वर्ष) को 84 हजार रुपये में बेच दिए थे।
बाबूलाल साहू “खिलेश्वर ज्वेलर्स” नाम से दुकान संचालित करता है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटे गए आभूषण बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
दो साल पुराने मुक्ता डबल मर्डर का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जून 2024 में ग्राम मुक्ता में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का राज भी खोल दिया। उस मामले में मगनलाल गबेल और उनकी पत्नी बुधवारा बाई गबेल की हत्या कर घर से आभूषण लूट लिए गए थे।
रूपचरण यादव ने बताया कि मृतिका बुधवारा बाई से उसका कई बार विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते उसने देवकुमार यादव के साथ मिलकर घर में घुसकर लकड़ी के मोटे डंडे से दोनों की हत्या कर दी थी और आभूषण लूटकर फरार हो गया था।
कुल बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
-
लगभग 9 ग्राम सोने के आभूषण
-
करीब 5 ग्राम गला हुआ सोना
-
77 हजार रुपये नकद
-
हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड
-
वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
-
मृतक का मोबाइल फोन
बरामद किया है।
पुलिस टीम को मिलेगा नकद पुरस्कार
दो-दो ब्लाइंड डबल मर्डर मामलों को सुलझाने में मिली सफलता पर बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने पूरी जांच टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा, मालखरौदा थाना प्रभारी प्रवीण राजपूत सहित जिले की विभिन्न थाना और साइबर सेल टीम ने लगातार पांच दिनों तक गांव में कैंप कर जांच को अंजाम दिया।
मुख्य आरोपी
-
देवकुमार यादव (33 वर्ष), निवासी पंडरीपानी
-
रूपचरण यादव (40 वर्ष), निवासी पंडरीपानी
-
बाबूलाल साहू (50 वर्ष), सराफा व्यापारी, जैजैपुर
सक्ती पुलिस की इस कार्रवाई को जिले के हालिया वर्षों की सबसे बड़ी अपराध सुलझाने वाली सफलता माना जा रहा है, क्योंकि इससे दो अलग-अलग दोहरे हत्याकांडों का एक साथ पर्दाफाश हुआ है।

