खरसिया :- ग्राम पंचायत छोटे देवगांव में शासकीय स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र के लिए बनाए जा रहे गेट निर्माण कार्य में नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिवसेना खरसिया इकाई ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिवसेना के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत के सचिव द्वारिका प्रसाद तथा निर्माण कार्य से जुड़े मिस्त्री द्वारा नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराई जा रही है, जो श्रम कानूनों एवं बाल अधिकारों के नियमों का उल्लंघन है।
शिवसेना नेताओं के अनुसार, यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ग्राम पंचायत छोटे देवगांव में संचालित मनरेगा कार्यों में नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराए जाने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा उच्च अधिकारियों से की जा चुकी है। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।
संगठन का कहना है कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी होने के बावजूद यदि सचिव द्वारा नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराई जा रही है, तो यह बच्चों के अधिकारों का हनन और उनका शोषण है। ऐसे मामलों पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।
इसी मुद्दे को लेकर शिवसेना खरसिया इकाई के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवसेना के विधानसभा अध्यक्ष सनी (पिंटू) यादव, युवा नेता नितेश राठौर, लाल राठौर, रिंकू, संजय यादव सहित ग्राम पंचायत छोटे देवगांव के निवासी मनोज चौहान एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिवसेना पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जल्द जांच कर नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराने की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

