रायगढ़ :- खरसिया विधायक उमेश पटेल ने वर्ष 2026-27 की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत अपने विधानसभा क्षेत्र खरसिया के विभिन्न गांवों और ग्राम पंचायतों में पेयजल सुविधा विस्तार हेतु 47 लाख 50 हजार रुपये के कार्यों का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा है। यह प्रस्ताव कलेक्टर एवं जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग रायगढ़ को भेजा गया है।

प्रस्ताव के अनुसार खरसिया, रायगढ़ और पुसौर विकासखंड के कुल 49 स्थानों पर बोर खनन, हैंडपंप एवं पंप स्थापना के कार्य कराए जाएंगे। अधिकांश कार्य ग्रामीण बस्तियों, स्कूल मोहल्लों, तालाब किनारे और आदिवासी व आवासीय मोहल्लों में पेयजल समस्या को देखते हुए प्रस्तावित किए गए हैं।

विधायक उमेश पटेल ने कहा कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या को दूर करना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में बोर खनन और पंप स्थापना के प्रस्ताव भेजे गए हैं ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

प्रस्तावित कार्यों में सोनबरसा, आड़पथरा, चारपारा, मदनपुर, छोटे मुड़पार, तिउर, सहसपुरी, कंवरिहा, अंजोरीपाली, लिटाईपाली, पंडरीपानी, फूलबंधिया, सुर्री, जैमुरा, पुरैना, डोंगीतराई, हालाहुली, बरगढ़, खैरपाली और बड़े देवगांव समेत कई गांव शामिल हैं।
इन कार्यों में अधिकांश स्थानों पर 1-1 लाख रुपये की लागत से बोर खनन एवं पंप स्थापना प्रस्तावित है, जबकि कुछ स्थानों पर पहले से खुदे हुए बोर में पंप स्थापना के लिए 50-50 हजार रुपये का प्रावधान रखा गया है।
विधायक ने जिला प्रशासन से नियमानुसार शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है ताकि ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।

