घरघोड़ा :- विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर सालसा बिलासपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के मार्गदर्शन तथा तालुका विधिक सेवा समिति घरघोड़ा के निर्देशन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन पैरालीगल वालिंटियर (PLV) बालकृष्ण चौहान, टीकम सिदार, लवकुमार चौहान एवं सुभाष चौधरी द्वारा किया गया।
शिविर में उपस्थित श्रमिकों को नालसा (असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कानूनी सेवाएं) योजना, 2015 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि इस योजना का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करना तथा उन्हें न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि वे अपने संवैधानिक अधिकारों का पूर्ण लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले अधिकारों, वेतन, बोनस, कार्यस्थल सुरक्षा, दुर्घटना मुआवजा, महिला श्रमिक संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, श्रमिक पंजीयन, ई-श्रम कार्ड, बीमा लाभ और पेंशन योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही लोक अदालत एवं मध्यस्थता की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
शिविर में नालसा की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के संबंध में भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

