खरसिया :- 28 फरवरी 2026। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से खरसिया प्रशासन एवं पुलिस द्वारा पी.डब्ल्यू.डी. विश्रामगृह में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एस.डी.एम. प्रवीण तिवारी ने की। इस अवसर पर थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविंद्र गवेल, छाया विधायक महेश साहू, सी.एम.ओ. नीतू अग्रवाल, प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी कुणाल मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में शहर के अंदर शुभ मुहूर्त में होने वाले होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की गई, ताकि महिला एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

प्रशासन ने होली के दौरान मुखौटा बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी उपद्रवी तत्व की पहचान में कठिनाई न हो। इसके साथ ही शहर एवं आसपास के ग्रामों में शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया, ताकि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि जो युवक कलाई में मोटा, धारदार या खतरनाक प्रकार का कड़ा (चूड़ा) पहनेंगे, उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिससे किसी भी विवाद की स्थिति में गंभीर चोट से बचाव हो सके। इसके अलावा मोटरसाइकिल पर तीन-चार सवारी बैठाकर चलने और मॉडिफाइड साइलेंसर के माध्यम से ध्वनि प्रदूषण करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खरसिया प्रशासन एवं पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की घटना या उपद्रव की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही गई है, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

