सारंगढ़ – रायकोना ठगी कांड में सरसीवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत का पर्दाफाश किया है। होल्ड खाते से फर्जी लेटरपैड के जरिए अवैध रूप से राशि आहरण करने के मामले में पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में HDFC बैंक की सारंगढ़ शाखा के तीन कर्मचारी—अभिषेक जायसवाल, दिनेश अनंत और पूजा मानिकपुरी—शामिल हैं। वहीं बिलाईगढ़ शाखा से टीकाराम साहू, हनुमंत राव टंडन और प्रमोद देवांगन को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि महाठग शिवा साहू के होल्ड खाते से 10 लाख रुपये और उसकी कथित मंगेतर रितु साहू के खाते से 21 लाख रुपये की अवैध निकासी की गई। यह पूरी रकम फर्जी दस्तावेजों और बैंकिंग प्रक्रिया के दुरुपयोग से निकाली गई।
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, दोनों शाखाओं के प्रबंधकों की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

