सारंगढ़ बिलाईगढ़ :- सारंगढ़ नगर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 37 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बस स्टैंड स्थित पुलिस सहायता केंद्र में बने नए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का उद्घाटन कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने किया।

मुख्य सड़कों और व्यस्त चौराहों पर लगाए गए ये कैमरे बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर तुरंत नज़र रखेंगे। जल्द ही नियम तोड़ने वालों के खिलाफ ई-चालान की सुविधा भी शुरू की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि कैमरों से मिलने वाला डेटा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने में उपयोगी होगा।
यातायात विभाग ने नागरिकों से नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि शहर में सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

