रायगढ़ :- रायगढ़ जिले के हरदी झरिया सब स्टेशन से जुड़े ग्रामीण इन दिनों लगातार बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं। पिछले एक महीने से अधिक समय से क्षेत्र में बार-बार बिजली कट होने के कारण किसान और आमजन दोनों परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब भी सब स्टेशन के कर्मचारियों से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की जाती है, तो वे कॉल रिसीव नहीं करते, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।
बरसात के मौसम में इस तरह की बिजली समस्या आम हो जाती है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को पहले से ही तैयारी कर लेनी चाहिए, ताकि किसानों को खेतों में सिंचाई और अन्य कार्यों में बाधा न आए।
इस समस्या से डोंगी तराई, चारभाटा, हरदी झरिया सहित कई गांवों के लोग प्रभावित हैं। ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे सब स्टेशन का घेराव करेंगे।ग्रामीणों का कहना है कि “हमारी रोजमर्रा की जिंदगी और खेती-किसानी पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। बार-बार लाइट कटने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।”
