खरसिया :- वर्तमान में खेती किसानी का समय होने के बावजूद किसानों को यूरिया खाद की पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इससे क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश है और वे भाजपा सरकार के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं।

खरसिया विधायक उमेश पटेल के मार्गदर्शन में खरसिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) ने किसानों को तत्काल खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते किसानों को खाद की आपूर्ति नहीं की गई, तो खरसिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और क्षेत्रीय किसान विधायक उमेश पटेल के नेतृत्व में सड़कों से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे।
कांग्रेस ने अल्टीमेटम दिया है कि 4 सितंबर 2025 को खरसिया तहसील कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने मदनपुर कांग्रेस कार्यालय से रैली निकालते हुए “किसानों पर अत्याचार बंद करो”, “किसानों को खाद की आपूर्ति जल्द करो”, “भाजपा सरकार होश में आओ”, “जय जवान जय किसान” और “उमेश पटेल जिंदाबाद” के नारे लगाए।ज्ञापन सौंपने के अवसर पर सैकड़ों की संख्या में किसान और कांग्रेसजन मौजूद रहे।

